जालोर में कोतवाली थाना क्षेत्र के थर्ड फेज इलाके में मंगलवार दोपहर प्राइवेट बस और बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए जालोर के ट्रोमा सेंटर में भर्ती कराया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार सिरोही की ओर से जालोर आ रही एक निजी बस थर्ड फेज क्षेत्र से गुजर रही थी। इसी दौरान सड़क पार कर रहा एक बाइक चालक अचानक बस की चपेट में आ गया। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक चालक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तुरंत जालोर के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया। जहां उसका इलाज जारी है। सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।


