श्योपुर जिले में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई और जल सुनवाई कार्यक्रम में कलेक्टर अर्पित वर्मा ने आम लोगों की समस्याएं सुनीं और कई मामलों में मौके पर ही राहत दी। शासन की योजनाओं के तहत पात्र लोगों को तुरंत लाभ दिलाया गया। जनसुनवाई में कुल 174 आवेदन प्राप्त हुए। जल सुनवाई के दौरान कलेक्टर ने पीएचई विभाग, जनपद सीईओ और सीएमओ को निर्देश दिए कि पेयजल स्रोतों पर लगातार नजर रखें और लोगों को साफ पानी मिले, यह सुनिश्चित करें। यह मामले आए गांधीनगर, श्योपुर के एक निराश्रित भाई-बहन के मामले में कलेक्टर ने महिला एवं बाल विकास विभाग को कानूनी अभिभावक नियुक्त करने के निर्देश दिए। साथ ही बच्चों की मां के नाम बैंक में जमा राशि बच्चों के नाम कराने के लिए बैंक को भी निर्देशित किया गया। महिला बाल विकास अधिकारी महेंद्र कुमार अम्ब ने बताया कि यह प्रक्रिया बाल संरक्षण समिति के माध्यम से पूरी की जाएगी। बबलू आदिवासी को 2 लाख की सहायता ग्राम राडेप निवासी बबलू आदिवासी को मुख्यमंत्री जनकल्याण संबल योजना के तहत उनकी पत्नी की सामान्य मृत्यु पर 2 लाख रुपए की सहायता स्वीकृत की गई। उन्हें बताया गया कि राशि जल्द ही उनके बैंक खाते में जमा हो जाएगी। रेडक्रॉस फंड से 5 लोगों को मदद जनसुनवाई में रेडक्रॉस फंड से इलाज और अन्य जरूरतों के लिए 5 लोगों को कुल 50 हजार रुपए की सहायता दी गई। इसमें श्योपुर निवासी रामकेश बैरवा को मानसिक रूप से बीमार बेटी के इलाज के लिए 10 हजार रुपए, ग्राम जैदा निवासी कमलकिशोर जाटव को दुर्घटना के बाद आर्थिक मदद के लिए 10 हजार रुपए और श्योपुर निवासी मोहम्मद हबीब को रोजगार शुरू करने के लिए 10 हजार रुपए दिए गए। इलाज के लिए बाहर जाने वालों को भी सहायता इसके अलावा ग्राम कैलोर निवासी सुनीता आदिवासी को पति की मृत्यु के बाद 10 हजार रुपए की सहायता दी गई। ग्राम दांतरदा कलां निवासी अकरम को अपनी चार माह की बेटी के इलाज के लिए मुंबई जाने हेतु 5 हजार रुपए और ग्राम नागदा निवासी गोकुल सुमन को जयपुर इलाज के लिए 5 हजार रुपए की मदद दी गई।


