नर्मदापुरम शहर के सराफा चौक स्थित प्रतिष्ठित आभूषण संस्थान लल्ला ज्वेलर्स के संचालक पुत्र सोनू सोनी और एक कारीगर को भोपाल पुलिस ने पकड़ा। दोनों से पुलिस ने चोरी हुए सोना और चांदी बरामद की। भोपाल में दिसंबर महीने में हुई चोरी का माल लल्ला ज्वेलर्स के संचालक बेटे ने खरीदा और गिरवी रखा था। कारीगर ने कुछ सोने चांदी के जेवरों को गला दिया था। भोपाल में पकड़ाए पांच सदस्यीय चोरों की गैंग ने पूछताछ में कुछ सोना, चांदी को नर्मदापुरम में ठिकाने लगाने की बात कहीं। जिसकी जांच के लिए बाग सेवनिया पुलिस रविवार को नर्मदापुरम पहुंची थी।
दोनों को पहले कोतवाली थाने लेकर गई थे, जहां से उन्हें आगे की पूछताछ के लिए भोपाल ले जाया गया। चोरी का माल खरीदने के अपराध में उन्हें सह आरोपी बनाया गया है। दिसंबर महीने में हुई दो बड़ी चोरी
बाग सेवनिया थाने के मुताबिक दिसंबर महीने में थाना क्षेत्र में दो चोरियां हुई थी। जिसमें एक चोरी में 5 तौला सोना और चांदी चोरी हुई। जांच में 5,6 संदिग्ध आरोपियों को पकड़ा गया। जिसमें एक सत्यम केवट निवासी इटारसी ने बताया था कि नर्मदापुरम के सराफा बाजार में लल्ला ज्वैलर्स पर कृष्णकांत उर्फ सोनू सोनी को कुछ सोना, चांदी बेचा और गिरवी रखा। बाकी हिस्सा सोना-चांदी गलाने वाले कारीगर अन्ना को बेचा था। जिसने सोना, चांदी को गला दिया।
3 तौला सोना और 333 ग्राम चांदी बरामद
बागसेवनिया थाने के एएसआई वीरमणि पांडे करीब पांच सदस्यीय पुलिस टीम के साथ रविवार को नर्मदापुरम के सराफा बाजार स्थित मेन रोड पर पहुंचे। लल्ला ज्वेलर्स के संचालक पुत्र कृष्णकांत उर्फ सोनू सोनी और कारीगर अन्ना शाह से पूछताछ की गई। भोपाल में पूछताछ में उन्होंने सोना चांदी खरीदना और गिरवी रखना स्वीकार किया। जिनसे चोरी हुए जेवर, गला हुआ सोना, चांदी बरामद की। 3 तौला सोना और 333 ग्राम चांदी मिली है। जिसकी अनुमति कीमत करीब 4 लाख रुपए है। बाग सेवनिया थाने के एएसआई वीरमणि पांडे ने बताया नर्मदापुरम के लल्ला ज्वैलर्स के बेटे सोनू सोनी और कारीगर अन्ना ने चोरी हुआ माल खरीदा और गिरवी रखा था। जिनसे माल बरामद हुआ है। चोरी का माल खरीदने का दोनों को आरोपी बनाया है। चोरी के मामले में बाग सेवनिया पुलिस बुधवार को खुलासा करेगी।


