बीयर बार में चखने के पैसे मांगने पर हंगामा, फायरिंग:ग्वालियर में तीन युवकों ने कर्मचारियों के साथ की मारपीट; वीडियो सामने आया

ग्वालियर में बीयर बार के कर्मचारियों द्वारा शराब पीने आए तीन युवकों से चखने के पैसे मांगना विवाद का कारण बन गया। अनाप-शनाप बिल बनाने का आरोप लगाकर बदमाशों ने कर्मचारियों के साथ मारपीट की। इतना ही नहीं, बीयर बार में तोड़फोड़ कर फायरिंग भी की। मारपीट की घटना बीयर बार के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। यह घटना गोला का मंदिर थाना क्षेत्र के भिंड रोड स्थित दुर्वा बीयर बार में एक दिन पहले हुई थी। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने मंगलवार को तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। गोला का मंदिर थाना क्षेत्र के भिंड रोड स्थित दूर्वा बीयर बार पर बाइक सवार तीन युवक सोमवार दोपहर शराब पीने पहुंचे थे। शराब के दौरान बीयर बार के कर्मचारी सूर्य प्रताप भदौरिया ने उनसे चखने के पैसे मांगे, जिस पर युवक नाराज हो गए और विवाद करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। मना करने पर उन्होंने मारपीट की। वहां मौजूद अन्य कर्मचारी इकट्ठा हुए तो तीनों युवक धमकी देकर चले गए। रात में वे दोबारा बीयर बार पहुंचे, गाली-गलौज की, तोड़फोड़ की और एक बदमाश ने गोली भी चलाई। साथ ही कर्मचारियों को जान से मारने की धमकी दी। मारपीट, तोड़फोड़ और फायरिंग की पूरी घटना बीयर बार के अंदर और बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। कर्मचारियों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर सोमवार रात ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस ने गिरफ्तार बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर अवैध हथियार के संबंध में पूछताछ शुरू कर दी है। सीएसपी अतुल कुमार सोनी ने बताया- गोला का मंदिर में एक बीयर बार में झगड़ा हुआ है। जिस पर कस्टमर ने झगड़ा करते हुए मारपीट कर तोड़फोड़ की है। मामला दर्ज करने के बाद तीन आरोपियों को पकड़ लिया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *