बसेड़ी थाना क्षेत्र के खिडोरा गांव में मंगलवार को तीन बाइक सवार बदमाशों ने फायरिंग कर दी। इस घटना में पूर्व प्रधान लाखन सिंह गुर्जर के नाती शैलेन्द्र गुर्जर के पैर में छर्रे लगने से वह घायल हो गया। सूचना मिलते ही बसेड़ी थाना प्रभारी बालकृष्ण चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पीड़ित शैलेन्द्र पुत्र देवेंद्र गुर्जर निवासी खिडोरा ने इस संबंध में बसेड़ी थाने में नामजद मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस को दी अपनी रिपोर्ट में शैलेन्द्र ने बताया कि वह जयपुर से पढ़ाई कर अपने घर लौट रहा था। जैसे ही वह खिडोरा गांव में अपने बाड़े के पास सड़क पर गाड़ी खड़ी कर उतरा, तभी यह घटना हुई। रिपोर्ट के अनुसार पूर्व से ही वहां केशु उर्फ कृष्णा पुत्र विनोद (इब्राहिमपुर), महेश पुत्र साहब सिंह (बाबरीपुरा) और रामू पुत्र सत्यवीर (खईलपुर) मौजूद थे। इनके साथ एक बुलेट मोटरसाइकिल पर दो अन्य लड़के भी थे। महेश, केशु और रामू तीनों के हाथों में अवैध कट्टा था। उन्होंने शैलेन्द्र के साथ गाली-गलौज की और थप्पड़ों से मारपीट शुरू कर दी। जब शैलेन्द्र ने विरोध किया, तो बदमाशों ने उसे जान से मारने की नीयत से अवैध हथियार से फायर किया। शैलेन्द्र बचकर एक तरफ हट गया, जिससे गोली उसके बाएं पैर की जांघ के पास से गुजरी। इससे उसकी जांघ में छर्रे के निशान आ गए। इसके बाद रामू ने जान से मारने की नीयत से दूसरी गोली चलाई, जो शैलेन्द्र के कान के पास से निकल गई। फायरिंग की आवाज सुनकर शैलेन्द्र के परिजन और अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। इसके बाद पांचों बदमाश फायरिंग करते हुए और जान से मारने की धमकी देते हुए दोनों मोटरसाइकिलों से जगनेर की तरफ भाग गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।


