एलएंडटी कंपनी के 300 श्रमिकों ने काम बंद किया:कटनी में वेतन, पीएफ और अन्य सुविधाओं की मांग; आंदोलन की चेतावनी दी

कटनी की एलएंडटी कंपनी में काम कर रहे लगभग 300 श्रमिकों ने मंगलवार को काम बंद कर दिया। श्रमिक एनकेजे इलेक्ट्रिक लोको शेड गेट के सामने धरना प्रदर्शन पर बैठे। उनका आरोप है कि उन्हें वर्ष 2021 से मजदूरी और वैधानिक लाभ नहीं मिल रहे हैं। वेतन, पीएफ और अन्य सुविधाओं की मांग धरना दे रहे श्रमिकों ने बताया कि उन्हें न तो समय पर वेतन मिलता है और न ही भविष्य निधि (पीएफ), मेडिकल सुविधा, सेफ्टी उपकरण जैसी बुनियादी सुविधाएं दी जा रही हैं। श्रमिकों का कहना है कि उनसे रोजाना औसतन 4 घंटे अतिरिक्त काम लिया जाता है, लेकिन उसका ओवरटाइम भुगतान नहीं किया जाता। पिछले 5 वर्षों का बोनस लंबित है और 8 माह से वेतन भी नहीं मिला। इसके अलावा नोटिस पे, टीए-डीए और हाइट अलाउंस जैसी वैधानिक देनदारियां भी पूरी नहीं की गई हैं। कंपनी अधिकारियों से समाधान की मांग श्रमिकों ने फेब्रिकेशन हेड फिलिप्स पंडियन, बीएसी विनोद सिंह, साइड इंचार्ज अनिमिष सिंह और रविंद्र सिंह से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उनका कहना है कि अगर बातचीत कर समाधान नहीं निकाला गया, तो वे आंदोलन को और सशक्त और उग्र रूप देने के लिए मजबूर होंगे। यह रहे उपस्थित धरना प्रदर्शन में सुनील पटेल, संजय सिंह राजपूत, नीरज पटेल, राम नारायण यादव, लवकेश सिंह परिहार, सुमित पटेल, हरिपाल चौरसिया सहित कई मजदूर शामिल हैं। श्रमिकों ने चेतावनी दी कि अगर उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कदम नहीं उठाए गए, तो धरना अनिश्चितकालीन हो सकता है। उन्होंने इसकी पूरी जिम्मेदारी कंपनी प्रबंधन पर डाली है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *