जबलपुर में बदमाशों ने पुलिस को चुनौती देते हुए जमकर हंगामा किया है। बेलबाग में सोमवार रात करीब 1 बजे पांच से छह बदमाशों ने एक घर पर पथराव कर दिया। आरोपी बेलबाग के रहने वाले हैं। पीड़ित परिवार घटना के बाद थाने पहुंचा और वारदात के वीडियो पुलिस को सौंपते हुए कार्रवाई की मांग की है। इधर, बेलबाग थाना पुलिस ने वीडियो के आधार पर चार-पांच युवकों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्जकर तलाश शुरू कर दी है। बेलबाग में रहने वाली रितु जाट ने बताया कि देर रात को जब जेठानी और बच्चों के साथ सो रही थी, तब अचानक ही बाहर कई लोगों के जोर-जोर से गाली देने की आवाज सुनाई दी।
खिड़की से झांककर देखा तो पड़ोस में रहने वाले हर्षित जाट, दीपांशु जाट, सुधांशु जाट दरवाजे के सामने खड़े थे। उन्हें मना करने जैसे ही दरवाजा खोला तो तीनों ने घसीटकर बाहर कर दिया और मारपीट करने लगे। शोर मचाया तो परिवार वाले उठ गए, जैसे-तैसे उन्होंने बचाया और घर के अंदर किया। रितु ने बताया कि धारदार हथियार, बेसबाल बैट, लाठी से लैस बदमाशों ने घर के बाहर खड़ी चार से पांच गाड़ियों को भी तोड़ दिया। शिकायतकर्ता का कहना है बदमाशों ने करीब 1 घंटे तक तांडव मचाया और फिर हत्या करने की धमकी देते हुए फरार हो गए। सभी आरोपी अभी पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं। सभी ने यह वारदात आपसी रंजिश के चलते की है। दरअसल कुछ दिनों पहले ही ये रितू ने पुलिस को शिकायत कर दी थी कि यहां बदमाश शराब पीते रहते हैं। जिसके बाद से ये रंजिश चली आ रही थी। एएसपी सूर्यकांत शर्मा ने बताया- रितु जाट की एफआईआर दर्ज कर ली गई है। जिन बदमाशों ने हमला किया था, उनकी तलाश जारी है, जल्द ही सभी आरोपी गिरफ्तार हो जाएंगे।


