सिंगरौली जिले के जयंत इलाके में दो साल पहले एक जन्मदिन की पार्टी के दौरान हुई फायरिंग के मुख्य आरोपी को पुलिस ने पकड़ लिया है। पुलिस की टीम उसे मंगलवार को बेंगलुरु से पकड़कर सिंगरौली लाई, जहां उसे कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। आरोपी अभिषेक सिंह पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित था। वह वारदात के बाद से ही लगातार फरार चल रहा था और अपनी पहचान बदलकर पुलिस को चकमा दे रहा था। क्या थी पूरी घटना: बर्थडे पार्टी में चली थीं गोलियां यह पूरा मामला 21 अगस्त 2022 का है। जयंत के रोज गार्डन के पास एक क्वार्टर में जन्मदिन की पार्टी चल रही थी। इसी दौरान पुराने विवाद को लेकर अभिषेक और उसके साथियों ने हमला कर दिया। हमलावरों ने न सिर्फ प्रवीण कुमार और उसके दोस्तों के साथ जमकर मारपीट की, बल्कि घर के अंदर घुसकर अंधाधुंध गोलियां भी चलाई थीं। पुलिस ने इस मामले में हत्या की कोशिश और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया था। साइबर सेल की मदद से ऐसे चढ़ा पुलिस के हत्थे जयंत चौकी प्रभारी सुधाकर सिंह परिहार ने बताया कि इस मामले में पुलिस पहले ही 7 आरोपियों को पकड़ चुकी थी, लेकिन मुख्य आरोपी अभिषेक हाथ नहीं आ रहा था। पुलिस की साइबर सेल ने अभिषेक के बैंक खाते से जुड़े मोबाइल नंबर की छानबीन की, जिससे पता चला कि वह कर्नाटक के कुनिगल इलाके में छिपा हुआ है। जयंत पुलिस की टीम ने तुरंत कर्नाटक पहुंचकर वहां दबिश दी और उसे पकड़ लिया।


