इटली का वीजा के बहाने पंचकूला के युवाओं से ठगी:6 लोगों से हड़पे ₹14 लाख, पंजाब से 2 आरोपी गिरफ्तार

पंचकूला पुलिस ने इटली वर्क वीजा दिलाने का झांसा देकर 6 युवाओं के परिवारों से 14 लाख रुपए की ठगी करने वाले 2 आरोपियों को पंजाब से गिरफ्तार किया है। जिन्हें कोर्ट में पेश कर 3 दिन के रिमांड पर लिया गया है। पंचकूला में 6 युवाओं से वर्ष 2023 में इटली भेजने के नाम पर ठगी की गई थी। शिकायतकर्ताओं ने बताया कि वे किसी जानकार के माध्यम से आरोपियों से मिले थे, जहां इटली का वर्क वीजा लगवाने के बदले कुल 14 लाख रुपए एडवांस देने की बात तय हुई थी। पैसे लेने के बाद आरोपी लंबे समय तक झूठे आश्वासन देते रहे, लेकिन न तो वर्क वीजा लगवाया गया और न ही ठगी की रकम वापस की गई। पंजाब के आरोपी गिरफ्तार डीसीपी सृष्टि गुप्ता ने बताया कि शिकायत के आधार पर 19 अगस्त को थाना चंडीमंदिर में भारतीय दंड संहिता की धारा 406, 420, 120-बी और इमिग्रेशन एक्ट की धारा 24 के तहत मामला दर्ज किया गया। मामले की जांच एंटी इमिग्रेशन फ्रॉड यूनिट को सौंपी गई। एंटी इमिग्रेशन फ्रॉड यूनिट इंचार्ज योगविंद्र सिंह के नेतृत्व में टीम ने 12 जनवरी को दोनों आरोपियों सागर सिंह निवासी जिला अमृतसर (पंजाब) और गुरप्रीत सिंह निवासी जिला गुरदासपुर (पंजाब) को अमृतसर के अलग-अलग गांवों से गिरफ्तार किया। रिमांड में बरामद होगी रकम दोनों आरोपियों को आज कोर्ट में पेश कर 3 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों से ठगी की गई रकम की बरामदगी की जाएगी और उनसे जुड़े अन्य ठगी के मामलों के बारे में भी गहन पूछताछ की जाएगी। साथ ही नागरिकों से अपील की है कि विदेश भेजने के नाम पर किसी को भी पैसे देने से पहले संबंधित एजेंट और दस्तावेजों की पूरी जांच अवश्य करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *