दिव्यांगजनों के हितों के लिए निरंतर कार्य करने वाले पाली के डॉक्टर वैभव भंडारी को राष्ट्रपति भवन, नई दिल्ली से आमंत्रण मिला है। डॉक्टर भंडारी 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर 26 जनवरी 2026 को दिल्ली के राष्ट्रपति भवन में आयोजित होने वाले प्रतिष्ठित ‘At Home’ स्वागत समारोह में हिस्सा लेंगे। राष्ट्रपति भवन से मिले आधिकारिक आमंत्रण पत्र के अनुसार, इस विशेष कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित देश के कई वरिष्ठ नेता, गणमान्य मेहमान और प्रतिष्ठित हस्तियां मौजूद रहेंगी। माना जा रहा है कि डॉक्टर वैभव भंडारी पाली जिले के पहले व्यक्ति होंगे जिन्हें 26 जनवरी के इस प्रतिष्ठित समारोह में आमंत्रित किया गया है। इस सम्मान को लेकर डॉक्टर भंडारी ने कहा कि राष्ट्रपति भवन के ‘एट होम’ समारोह में शामिल होना उनके लिए गर्व और सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उनके अकेले का नहीं, बल्कि उन सभी लोगों का है जिनके सहयोग से वे दिव्यांगजनों के कल्याण के लिए कार्य कर पाए हैं। उल्लेखनीय है कि डॉक्टर वैभव भंडारी लंबे समय से दिव्यांगजनों, दुर्लभ रोगों और प्रगतिशील दिव्यांगों के क्षेत्र में उल्लेखनीय और प्रभावशाली योगदान दे रहे हैं। उनके इसी सामाजिक सरोकार और जनहित में किए गए कार्यों को देखते हुए उन्हें यह विशेष आमंत्रण दिया गया है।


