जशपुर के पत्थलगांव वन परिक्षेत्र के डूमरबहार क्षेत्र में सोमवार रात एक हाथी ने रिहायशी इलाके में उत्पात मचाया है। हाथी ने कृषि विज्ञान केंद्र परिसर में घुसकर तोड़फोड़ की। इसके अलावा हाथी ने कृषि विज्ञान केंद्र डूमरबहार स्थित मिनी राइस मिल, पोल्ट्री फार्म और मुख्य गेट को क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना की सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन गश्त के दौरान हाथी ने वनकर्मियों पर हमला कर दिया। हालांकि, सभी वनकर्मी सुरक्षित बच गए। अधिकारियों ने बताया कि यह वही अकेला हाथी है, जो पिछले 11 दिनों से क्षेत्र में लगातार उत्पात मचा रहा है। यह कभी खेतों को नुकसान पहुंचाता है, तो कभी रिहायशी इलाकों में घुसकर लोगों में भय पैदा करता है। पत्थलगांव के एसडीओ केएस कंवर ने घटना की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि यह अकेला हाथी कई दिनों से क्षेत्र में सक्रिय है। एसडीओ की ग्रामीणों से अपील वन विभाग की टीम हाथी पर लगातार नजर रख रही है और उसकी गतिविधियों की निगरानी की जा रही है। वनकर्मियों द्वारा हाथी को सुरक्षित रूप से जंगल की ओर खदेड़ने के प्रयास जारी हैं। एसडीओ ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे रात के समय अनावश्यक रूप से बाहर न निकलें। हाथी दिखने पर उसके पास जाने का प्रयास न करें और तुरंत वन विभाग को सूचित करें।


