टीकमगढ़ में 15 जनवरी को स्थानीय छुट्टी घोषित:कलेक्टर ने मकर संक्रांति मेले के लिए तारीख बदली, ट्रैफिक प्लान जारी

टीकमगढ़ के तीर्थ स्थल शिव धाम कुंडेश्वर में मकर संक्रांति का मेला इस बार 15 जनवरी को लगेगा। कलेक्टर विवेक श्रोतिय ने पूर्व में घोषित 14 जनवरी के स्थानीय अवकाश को संशोधित कर अब 15 जनवरी को मकर संक्रांति का स्थानीय अवकाश घोषित किया है। हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस ने सुरक्षा और यातायात के कड़े इंतजाम किए हैं। यातायात प्रभारी कैलाश पटेल के अनुसार, 15 जनवरी को सुबह 5 बजे से रात 11 बजे तक भारी भीड़ की संभावना है। इस दौरान मुख्य मार्गों पर यातायात का डायवर्जन किया गया है। महरौनी से टीकमगढ़ आने वाली बसें और भारी वाहन खिरिया चौकी से अस्तौन, पहाड़ी तिलावरन और पपौरा मंदिर होकर शहर में प्रवेश करेंगे। इसी तरह, टीकमगढ़ से महरौनी की ओर जाने वाले वाहन पीजी कॉलेज से पपौरा मंदिर बायपास होते हुए पहाड़ी तिलावरन और खिरिया चौकी रोड से निकलेंगे। चार पहिया और ट्रैक्टरों के लिए पार्किंग व्यवस्था प्रशासन ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अलग-अलग वाहनों के लिए विशेष पार्किंग स्थल चिन्हित किए हैं। चार पहिया वाहनों को सबसे पहले बीटीआई प्रांगण में पार्क कराया जाएगा। वहां जगह भरने पर महर्षि विद्या मंदिर और कृषि महाविद्यालय ग्राउंड का उपयोग किया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाली ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के लिए कृषि महाविद्यालय क्रिकेट ग्राउंड में विशेष पार्किंग व्यवस्था तय की गई है। दो पहिया और ऑटो रिक्शा के लिए निर्देश दो पहिया वाहनों के लिए पहली प्राथमिकता डाइट ग्राउंड को दी गई है, जिसके भरने पर सरदार सिंह पार्क और महर्षि विद्या मंदिर प्रांगण का उपयोग किया जाएगा। ऑटो रिक्शा और अन्य तीन पहिया वाहनों के लिए मेला ग्राउंड के पास स्थित सब्जी बाजार में यात्रियों को उतारने और बैठाने का स्टैंड बनाया गया है। श्रद्धालुओं के लिए पुख्ता इंतजाम मकर संक्रांति के अवसर पर भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक के लिए आने वाले भक्तों से अपील की गई है कि वे निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें। प्रशासन ने बताया कि मंदिर परिसर और मेला क्षेत्र में सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस बल मुस्तैद रहेगा। अवकाश की तारीख में बदलाव और ट्रैफिक प्लान की जानकारी इसलिए दी गई है ताकि दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *