बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के तातापानी में मकर संक्रांति पर्व पर आयोजित होने वाले तीन दिवसीय तातापानी महोत्सव 2026 की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। यह महोत्सव 14 जनवरी से 16 जनवरी 2026 तक चलेगा, जिसका उद्घाटन छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की उपस्थिति में होना प्रस्तावित है। महोत्सव के शुभारंभ से एक दिन पहले, 13 जनवरी को पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा ने तातापानी मेला क्षेत्र का व्यापक निरीक्षण किया। उन्होंने कानून व्यवस्था, सुरक्षा और यातायात प्रबंधन सहित सभी आवश्यक पहलुओं का जायजा लेते हुए मौके पर उपस्थित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। महोत्सव में उमड़ सकती है श्रद्धालुओं की भारी भीड़ पुलिस महानिरीक्षक ने कहा कि तातापानी महोत्सव के दौरान जिले सहित अन्य जिलों और पड़ोसी राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना रहती है। ऐसे में मेले को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना पुलिस प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि महोत्सव के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अप्रिय घटना की कोई गुंजाइश नहीं होनी चाहिए। सिविल ड्रेस में तैनात जवान, चेन स्नैचिंग और हुड़दंगियों पर नजर उन्होंने बताया कि पुलिस अधीक्षक बलरामपुर वैभव बैंकर के नेतृत्व में बलरामपुर पुलिस की ओर से मेला क्षेत्र में चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था की गई है। मेले के भीतर और आसपास सिविल ड्रेस में पुलिस जवानों की तैनाती की गई है, जो चेन स्नैचिंग, जेबकतरी, संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी एवं शराब सेवन कर हुड़दंग करने वालों पर नजर रखेंगे। इसके अलावा, मेला प्रांगण के भीतर और बाहर संवेदनशील एवं संदिग्ध स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष यातायात व्यवस्था यातायात व्यवस्था को लेकर भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। पुलिस महानिरीक्षक ने बताया कि बलरामपुर जिले सहित झारखंड एवं अंबिकापुर की ओर से निजी वाहनों से आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए अलग-अलग पार्किंग स्थलों का निर्धारण किया गया है। साथ ही, वीआईपी वाहनों के लिए पृथक पार्किंग व्यवस्था की गई है, ताकि जाम की स्थिति उत्पन्न न हो।


