भोपाल के गुनगा स्थित बिजली ऑफिस का मंगलवार को कई गांव के लोगों ने घेराव कर दिया। वे गुनगा समेत करीब 25 गांवों में बिजली कनेक्शन काटे जाने से नाराज थे। उनका कहना था कि बिजली नहीं होने से बच्चे पढ़ाई नहीं कर पा रहे हैं, जबकि बोर्ड परीक्षाएं सिर पर है। कांग्रेस नेताओं ने अफसरों को जमीन पर बैठाकर जमकर खरी-खोटी भी सुनाई। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी हर्राखेड़ा के बैनरतले ग्रामीणों ने यह प्रदर्शन किया। दोपहर 2 बजे उन्होंने गुनगा में रैली निकाली और फिर बिजली कंपनी के ऑफिस पहुंचे। दफ्तर का घेराव करते हुए लोगों ने जमकर नारेबाजी भी की। झोपड़ियों के बिजली बिल 20 से 30 हजार रुपए
मप्र कांग्रेस सेवादल के अध्यक्ष अवनीश भार्गव ने बताया कि गुनगा से जुड़े करीब 25 गांवों की बिजली कंपनी ने बिजली काट दी। इसकी वजह राशि बकाया होना बताया गया, लेकिन इस बारे में ग्रामीणों को कोई जानकारी नहीं दी गई। कई जगह ट्रांसफार्मर भी जले हुए हैं। गुनगा क्षेत्र की करीब डेढ़ लाख आबादी बिना बिजली के रह रही है। झोपड़ियों के भी 20 से 30 हजार रुपए तक के बिल दिए गए हैं। इस कारण बड़ा प्रदर्शन किया गया। भारी-भरकम बिल बने परेशानी
कांग्रेस सेवादल अध्यक्ष भार्गव, जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण के अध्यक्ष अनोखी मान सिंह पटेल समेत कई लोगों ने भारी भरकम बिलों को लेकर भी नाराजगी जाहिर की। कहा कि मजदूरी करने वालों को बड़ी राशि के बिल थमाए जा रहे हैं, जो गलत है। दूसरी ओर, वसूली के लिए भी कोई नहीं जा रहा। इसलिए मंगलवार को प्रदर्शन करके विरोध जताया गया। यह प्रदर्शन तीन घंटे तक चला।


