दुर्ग जिले के पुलगांव थाना क्षेत्र में दोपहिया वाहन चोरी का मामला पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने शातिर वाहन चोर खिलेश्वर ठाकुर को गिरफ्तार किया और उसके कब्जे से चार स्कूटी और एक बाइक सहित कुल पांच दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। वाहनों की कुल कीमत लगभग 2 लाख 2 हजार रुपए बताई जा रही है। दरअसल, कैलाश देवांगन (36), निवासी रावणभाटा चौक, नगपुरा चौकी क्षेत्र ने 11 जनवरी की रात अपनी बाइक (CG 07 LR 6067) घर के बाहर लॉक कर खड़ा किया था। अगले दिन सुबह 6 बजे जब उन्होंने बाइक खोजी, तो वह गायब मिली। आसपास और रिश्तेदारों से पूछताछ के बाद कोई सुराग न मिलने पर उन्होंने थाने में अज्ञात चोर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। सीसीटीवी और मुखबिर तंत्र से हुआ आरोपी का पता पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। जांच के दौरान खिलेश्वर ठाकुर संदिग्ध पाया गया और हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। शुरुआती पूछताछ में उसने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सख्ती बरतने पर उसने नगपुरा क्षेत्र से बाइक चोरी करने और अन्य दोपहिया वाहन चोरी की बात कबूल की। चोरी के तरीके का खुलासा आरोपी ने बताया कि उसने बस स्टैंड, नेहरू नगर बलौदाबाजार, सुपेला मार्केट और इंदिरा मार्केट दुर्ग से होंडा एक्टिवा स्कूटी चोरी की थी। चोरी के बाद वह वाहनों को पुलगांव के कोटनी बाजार पारा क्षेत्र में अपने नाना-नानी के घर के पास बबूल के पेड़ के नीचे छिपाकर रखता था। पुलिस ने सभी वाहन बरामद कर आरोपी को रिमांड पर भेजा चौकी प्रभारी राजकुमार देशमुख ने बताया कि आरोपी की निशानदेही पर पुलिस टीम ने मौके से एक बाइक और चार स्कूटी (जिसमें एक बिना नंबर प्लेट की थी) बरामद की। सभी वाहनों को विधिवत जब्त कर आरोपी के खिलाफ धारा 303(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई और उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।


