भास्कर न्यूज | बाड़मेर मतदाता गहन पुनरीक्षण को लेकर भारतीय जनता पार्टी बाड़मेर द्वारा शिव एवं बाड़मेर विधानसभा क्षेत्र के मंडल अध्यक्षों की बैठक मंगलवार को भाजपा जिला कार्यालय, बाड़मेर में आयोजित की गई। बैठक में भाजपा प्रदेश मंत्री एवं एसआईआर संभाग प्रभारी अपूर्वा सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। भाजपा जिला उपाध्यक्ष रमेशसिंह इन्दा ने बताया कि बैठक का शुभारंभ भारत माता, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमाओं पर दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ किया गया। बैठक में संगठनात्मक मजबूती, मतदाता गहन पुनरीक्षण कार्य, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तथा बूथ स्तर पर प्रभावी कार्ययोजना को लेकर चर्चा की गई। बैठक को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता भाजपा प्रदेश मंत्री अपूर्वा सिंह ने एसआईआर प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मतदाता गहन पुनरीक्षण वास्तविक मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए उठाया गया एक अत्यंत महत्वपूर्ण कदम है। इस प्रक्रिया के माध्यम से मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाया जाएगा, जिससे आगामी चुनाव निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न हो सकें। बैठक में मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने एवं संशोधन की प्रक्रिया पर भी विस्तार से चर्चा की गई। बीएलए-1 एवं पूर्व जिलाध्यक्ष स्वरूपसिंह खारा ने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया अत्यंत प्रभावी है, इससे वास्तविक मतदाताओं की पहचान होगी। बैठक में भाजपा जिला मंत्री ईश्वर नवल, कोषाध्यक्ष मूलसिंह जुड़िया, शिव मंडल अध्यक्ष लक्ष्मणसिंह राठौड़, हरसाणी मंडल अध्यक्ष देवीसिंह भाटी, गडरा मंडल अध्यक्ष गेनाराम सुथार, खडीन मंडल अध्यक्ष गजेंद्रसिंह खारा, भियाड़ मंडल अध्यक्ष लक्ष्मण मूढ़, बीजराड़ मंडल अध्यक्ष रूपाराम डऊकिया, बिशाला मंडल अध्यक्ष सवाईसिंह राठौड़, अशोकसिंह गोरडिया, समुद्रसिंह मौजूद रहे।


