भास्कर न्यूज | जालंधर सीआईए स्टाफ (देहात) की टीम ने 37 साल के ट्रैवल एजेंट हरजिंदर सिंह उर्फ जौहन वासी गुरु अर्जुन पुरा (फगवाड़ा) को हेरोइन तस्करी में गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसकी बाइक की सीट के नीचे से 200 ग्राम हेरोइन बरामद की है। थाना पतारा में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21-बी के तहत केस दर्ज किया गया है। उसे कोर्ट में पेश कर 2 दिन के रिमांड पर लिया है। आरोपी पर ट्रैवल एजेंटी के दो और 7 ग्राम हेरोइन का केस पहले से दर्ज है। डीएसपी इंदरजीत सिंह सैनी ने बताया कि इंचार्ज पुष्पबाली की टीम ने गांव जौहल के पास से आरोपी को उस समय पकड़ा जब वह सप्लाई देने आया था। प्राथमिक पूछताछ में आरोपी ने कहा-वह पहले फगवाड़ा में ट्रैवल एजेंटी का काम करता था। इस बीच उस पर दो केस दर्ज हो गए और उसे जेल जाना पड़ा। बेल पर आने के बाद उसने हेरोइन बेचनी शुरू कर दी। 7 ग्राम के साथ पकड़ा था। दूसरी बार जेल गया तो उसके तार तरनतारन व कपूरथला में सक्रिय हेरोइन नेटवर्क से जुड़ गए थे। बेल पर आने के बाद उसने फिर से नशा बेचना शुरू कर दिया। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी से गहनता से मामले को लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने बताया कि प्रशासन नशे की रोकथाम के लिए पूरी मुस्तैदी के साथ काम रहा है। किसी भी दोषी को किसी हालत में नहीं छोड़ा जाएगा।


