‘डॉन’ के तहत छात्रों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में बताया

भास्कर न्यूज| महासमुंद राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के तहत महासमुंद जिले में नशीली दवाओं के दुरुपयोग और अवैध तस्करी के खिलाफ व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। जिले के आरक्षी केंद्रों में पदस्थ अधिकार मित्र शिक्षण संस्थानों, हॉस्टलों और युवा संगठनों के बीच जाकर नशा मुक्ति का संदेश दे रहे हैं। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं और किशोरों को नशे की गिरफ्त से बचाना और उन्हें इसके शारीरिक व मानसिक दुष्परिणामों के प्रति सचेत करना है। इसी कड़ी में सोमवार को अधिकार मित्र बॉबी गंडेचा, त्रिभुवन ध्रुव और मोहित कुमार साहू ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बम्हनी व शासकीय मिडिल स्कूल चिंगरौद का दौरा किया। शिविर के दौरान विद्यार्थियों को नशीली दवाओं के सेवन से होने वाली शारीरिक और मानसिक क्षति के बारे में विस्तार से बताया गया। अवैध तस्करी और इससे जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई। छात्रों को नशा मुक्त जीवन जीने और अपने आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई गई। नालसा की डॉन योजना के तहत यह अभियान केवल स्कूलों तक सीमित नहीं है, बल्कि जनमानस में जागरूकता लाने के लिए ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में भी व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। पुलिस प्रशासन और विधिक सेवा प्राधिकरण के संयुक्त प्रयास से जिले को नशा मुक्त बनाने का संकल्प लिया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *