लघु उद्योग भारती के अभियान से हजारों परिवारों को मिला रोजगार जोधपुर| पाली में निर्मित मिट्टी के कुल्हड़ अब पूरे देश में अपनी अलग पहचान बना रहे हैं। हाल ही में आरएसएस के सर संघचालक मोहन भागवत ने कोलकत्ता में एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान इस तरह के स्वदेशी एवं स्वरोजगार आधारित प्रयासों की सराहना की। इससे पहले जयपुर में प्रदेशभर से आए विभिन्न समाजों के प्रमुख लोगों की बैठक में भी स्वदेशी और स्वरोजगार पर चर्चा के दौरान पाली में चल रहे स्वावलंबी भारत अभियान को देशभर में लागू करने का आग्रह किया था। पाली में इस अभियान के प्रमुख सूत्रधार पूर्व विधायक ज्ञानचंद पारख ने बताया कि लघु उद्योग भारती के अखिल भारतीय संगठन महामंत्री प्रकाशचंद्र गुप्ता की प्रेरणा से परंपरागत कुटीर एवं लघु उद्योगों से जुड़े परिवारों की आय बढ़ाने के लिए आधुनिक स्वचालित मशीनें उपलब्ध कराई गईं। पहले परंपरागत तरीकों से प्रतिदिन करीब एक हजार कुल्हड़ ही बन पाते थे, जबकि अब आधुनिक मशीनों से उसी समय में लगभग छह हजार उच्च गुणवत्ता वाले कुल्हड़ तैयार हो रहे हैं। पारख ने बताया कि मिट्टी पिसाई एवं मिट्टी तैयार करने की मशीनें भी उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे पहले पूरे दिन लगने वाला कार्य अब मात्र एक घंटे में हो जाता है।


