सागर की मोतीनगर थाना पुलिस ने 25 वर्षीय युवती से छेड़छाड़ और घर में घुसकर मारपीट करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। 12 जनवरी की रात हुई इस घटना के बाद पीड़िता ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मंगलवार को तीनों आरोपियों को पकड़ लिया। पूछताछ में उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। रास्ते में रोका, फिर घर में घुसकर पीटा पीड़िता ने शिकायत में बताया कि 12 जनवरी की रात करीब 9.30 बजे वह अपने भाई को लेने मोतीनगर चौराहे गई थी। वहां से लौटते समय घर के पास खाली मैदान में मोहल्ले का पुष्पेन्द्र पटेल मिला। पुरानी रंजिश के चलते उसने रास्ता रोका और बुरी नीयत से हाथ पकड़ लिया। विरोध करने पर उसने गाली-गलौज की। कुछ देर बाद पुष्पेन्द्र अपने दो साथियों गोपाल उर्फ गब्बर यादव और राहुल विश्वकर्मा के साथ जबरन युवती के घर में घुस गया। आरोपियों ने युवती का हाथ मरोड़कर मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। बम्होरी रेंगुवा के रहने वाले हैं आरोपी पुलिस टीम ने तलाश करते हुए मंगलवार को तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान पुष्पेन्द्र पिता लाल सिंह पटेल (29), गोपाल उर्फ गब्बर पिता दरयाब सिंह यादव (24) और राहुल पिता चेतराम विश्वकर्मा (30) के रूप में हुई है। तीनों बम्होरी रेंगुवा के निवासी हैं। पहले से दर्ज हैं अपराध मोतीनगर थाना प्रभारी जसवंत सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी गोपाल उर्फ गब्बर यादव के खिलाफ पहले से दो अपराध दर्ज हैं, जबकि आरोपी पुष्पेंद्र पर भी एक मामला दर्ज है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


