श्रीगंगानगर में पिछले 10 दिनों से कड़ाके की ठंड का कहर जारी है। शीतलहर और कोहरे के कारण न्यूनतम तापमान 5 डिग्री से नीचे बना हुआ है। मंगलवार को दिन में तेज धूप खिली, जिससे आमजन को राहत मिली। हालांकि, सुबह के समय खेतों में जमकर पाला पड़ा जिससे फसलों के पत्तों पर ओस व बर्फ जमी हुई दिखाई दी। मौसम राडार स्टेशन, श्रीगंगानगर पर बुधवार सुबह न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री रिकार्ड किया गया। मंगलवार को न्यूनतम तापमान 3.6 डिग्री और अधिकतम 19.9 डिग्री रहा, जबकि सोमवार को न्यूनतम 1.4 डिग्री और अधिकतम 18.3 डिग्री दर्ज हुआ था। धूप निकलने से तापमान में हल्की बढ़ोतरी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार- जिले में आगामी 4-5 दिन तक मौसम पूरी तरह ड्राई रहेगा। दिन में धूप खिलेगी और कोहरे की संभावना न के बराबर रहेगी। तापमान में 1-2 डिग्री की बढ़ोतरी होगी, जो फसलों के लिए फायदेमंद है। धूप से सरसों, चना और हरी सब्जियों में पाले की मार की आशंका कम रहेगी। वहीं, 20 जनवरी से मौसम में बदलाव के आसार हैं। जिले में मावठ की संभावना जताई जा रही है। कड़ाके की ठंड और सर्दी के प्रकोप को देखते हुए जिले के सरकारी व प्राइवेट स्कूलों में छुट्टियां बढ़ा दी गई हैं। कलेक्टर डॉ. मंजू ने कक्षा नर्सरी से 8वीं तक छुट्टियां बढाने के आदेश जारी किए हैं। अब 14 से 15 जनवरी तक सभी स्कूलों में अवकाश होगा। वहीं, कक्षा 9 से 12 तक के छात्रों के लिए स्कूल समय सुबह 10:30 बजे से दोपहर 3 बजे तक कर दिया गया है।


