इंदौर–अहमदाबाद फोरलेन पर स्थित कुक्षी चौकड़ी पर ओवरब्रिज निर्माण का काम शुरू हो गया है। लंबे समय से क्षेत्र के लोगों की मांग के बाद अब यहां यातायात सुरक्षा को देखते हुए ओवरब्रिज बनाया जा रहा है। फिलहाल पहले चरण में फोरलेन के दोनों तरफ सर्विस रोड का निर्माण तेजी से किया जा रहा है, ताकि निर्माण के दौरान यातायात बाधित न हो। यह ओवरब्रिज परियोजना भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) इंदौर की निगरानी में बनाई जा रही है। निर्माण कार्य दिल्ली की एक एजेंसी को सौंपा गया है। सर्विस रोड बनने से भारी और हल्के वाहनों की आवाजाही सुरक्षित बनी रहेगी और लोगों को जाम की परेशानी नहीं होगी। कुक्षी चौकड़ी पर लगातार हो रहे सड़क हादसों के कारण ओवरब्रिज की जरूरत लंबे समय से महसूस की जा रही थी। करीब 25 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह ओवरब्रिज तैयार होने के बाद दुर्घटनाओं की संख्या कम होने की उम्मीद है। साथ ही राजगढ़ से कुक्षी आने-जाने वाले लोगों को सड़क पार करने में आसानी होगी। 18 माह में पूरा करने का लक्ष्य NHAI के तकनीकी प्रबंधक आदित्य सुमन ने बताया कि ओवरब्रिज का निर्माण लगभग 18 माह में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। अभी सर्विस रोड और जमीन समतलीकरण का काम चल रहा है, इसके बाद मुख्य ओवरब्रिज का निर्माण शुरू होगा। एक किलोमीटर लंबा होगा ओवरब्रिज ओवरब्रिज की कुल लंबाई करीब एक किलोमीटर होगी। यह फोरलेन स्थित एक निजी अस्पताल के पास से शुरू होकर मोहनखेड़ा रोड के अंडरब्रिज तक जाएगा। वहीं इसके पास बनने वाले अंडरपास की चौड़ाई लगभग 30 मीटर रखी गई है, जिससे भारी वाहन भी आसानी से निकल सकेंगे। सर्विस रोड के निर्माण के लिए जेसीबी और पोकलेन मशीनों की मदद ली जा रही है। प्रशासन का कहना है कि ओवरब्रिज बनने के बाद क्षेत्र की यातायात व्यवस्था ज्यादा सुरक्षित और सुगम हो जाएगी।


