पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय में मंगलवार को 27वीं राष्ट्रीय युवा संसद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें पटना, भोपाल व शिलॉन्ग क्षेत्र से आए कुल 161 प्रतिभागियों ने सहभागिता कर संसदीय कार्यप्रणाली का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में भारतीय संविधान के प्रति सम्मान, लोकतांत्रिक मूल्यों की समझ व संसदीय परंपराओं की जानकारी विकसित करना रहा। छात्र-छात्राओं ने विधायी प्रक्रिया, प्रश्नकाल, चर्चा व निर्णय लेने की प्रक्रियाओं को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। मुख्य अतिथि व निर्णायक मंडल में रांची लोकसभा के पूर्व सांसद रामटहल चौधरी, संसदीय कार्य मंत्रालय के अवर सचिव शरद द्विवेदी व एनवीएस क्षेत्रीय कार्यालय लखनऊ के सहायक आयुक्त सुमन कुमार उपस्थित थे। विद्यालय के प्राचार्य एनोस केरकेट्टा ने स्वागत भाषण के माध्यम से अतिथियों का अभिनंदन किया।


