विदिशा जिले के शमशाबाद स्थित नए बस स्टैंड पर डीजल चोरी की वारदात सामने आई है। मंगलवार रात अज्ञात चोरों ने शक्ति कंपनी की पांच यात्री बसों के डीजल टैंकों के ताले तोड़कर लगभग 810 लीटर डीजल चुरा लिया। चोरी हुए डीजल की अनुमानित कीमत 75 हजार रुपये बताई जा रही है। इन बसों में हुई चोरी
बस सुपरवाइजर राजेश सक्सेना ने बताया कि पांचों बसें (MP 40 ZE 2405, MP 40 P 0809, MP 04 UR 7623, MP 04 CA 3299 और MP 40 P 0148) डीजल से पूरी तरह भरी हुई थीं। इन्हें रात करीब 9 बजे शमशाबाद नए बस स्टैंड पर खड़ा किया गया था। उस समय बसों में ड्राइवर और क्लीनर भी सो रहे थे। बुधवार सुबह जब देखा गया, तो सभी बसों के डीजल टैंकों के ताले टूटे हुए थे और डीजल गायब था। आसपास काफी तलाश की गई, लेकिन चोरों का कोई सुराग नहीं मिल सका। पहले भी हो चुकी चोरी
घटना के बाद बस सुपरवाइजर ने शमशाबाद थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। बस मालिक तेजेंद्र सिंह ने बताया कि यह पहली घटना नहीं है; इससे पहले भी उनकी बसों से डीजल चोरी हो चुका है। पहले भी शिकायत पुलिस में की गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि बस स्टैंड पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम न होने के कारण ऐसी वारदातें लगातार हो रही हैं। उन्होंने प्रशासन से बस स्टैंड पर रात्रि सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। लगातार हो रही चोरी की इन घटनाओं से बस संचालकों में भारी नाराजगी है। उनका मानना है कि खुले बस स्टैंड और रात्रि गश्त की कमी चोरों को वारदातें करने का आसान मौका दे रही है।


