बुरहानपुर में भाजपा नेताओं ने अटल जी को दी श्रद्धांजलि:मकर संक्रांति पर विधायक अर्चना चिटनिस ने इसे भारतीय मूल्यों का उत्सव बताया

बुरहानपुर। मकर संक्रांति के अवसर पर बुधवार को भाजपा नेताओं ने भारत रत्न और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान भाजपा की नवगठित जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारियों का स्वागत भी किया गया। पूर्व मंत्री और बुरहानपुर विधायक अर्चना चिटनिस ने इस अवसर पर कहा कि मकर संक्रांति केवल एक पर्व नहीं, बल्कि भारतीय जीवन मूल्यों का उत्सव है। यह अंधकार से प्रकाश, निराशा से आशा और विभाजन से एकता का संदेश देता है। उन्होंने तिल और गुड़ के मेल का उदाहरण देते हुए कहा कि जैसे ये मिलकर मिठास घोलते हैं, वैसे ही संगठन में समर्पण, अनुशासन और आपसी सौहार्द सफलता का आधार बनता है। उन्होंने अपने पूर्वजों के ‘तिल-तिल समर्पण’ से संगठन निर्माण को याद किया। चिटनिस ने भाजपा की नवगठित जिला कार्यकारिणी को बधाई दी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि बुरहानपुर की यह नई टीम संगठनात्मक सुदृढ़ता, जनसंपर्क विस्तार और सेवा कार्यों में नई ऊंचाइयां स्थापित करेगी। उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के कुशल नेतृत्व की सराहना की। चिटनिस ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व मंच पर गौरवशाली स्थान प्राप्त कर रहा है, वहीं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश विकास के नए प्रतिमान स्थापित कर रहा है। उन्होंने सभी से केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने का आह्वान किया। समारोह के अंत में मकर संक्रांति की परंपरा अनुसार सभी को तिल-गुड़ खिलाकर आत्मीय शुभकामनाएँ दी गईं। इस अवसर पर पूरे वातावरण में उत्साह और सौहार्द का भाव दिखाई दिया। विधायक चिटनिस ने “तिल, गुड़ घ्या, गोड गोड बोला” के संदेश के साथ सभी के जीवन में सुख, समृद्धि, स्वास्थ्य और सामाजिक सौहार्द की मंगलकामना की। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मनोज माने, नवगठित कार्यकारिणी के समस्त पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि, मंडल अध्यक्ष, मोर्चा-प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, महिला मोर्चा, युवा मोर्चा तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी उपस्थित कार्यकर्ताओं ने मकर संक्रांति के पावन अवसर पर संगठन की एकता, सेवा भाव और राष्ट्रनिर्माण के संकल्प को और अधिक सशक्त करने का प्रण लिया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *