कटनी जिले के बड़वारा थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर बुधवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। नैगमा ग्राम के पास दो तेज रफ्तार बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को बड़वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से एक युवक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर करीब 1 बजे रामप्रसाद और विजय चौधरी अपनी मोटरसाइकिल से कटनी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से बछोली निवासी गोविंद कोल और सौरभ कोल अपनी बाइक पर सवार होकर विलायत कला जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि नैगमा ग्राम के पास सौरभ की मोटरसाइकिल अचानक अनियंत्रित हो गई और सामने से आ रही रामप्रसाद की बाइक से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकें क्षतिग्रस्त हो गईं और चारों युवक सड़क पर गिरकर घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों और स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल एंबुलेंस को सूचना दी। निजी वाहनों और इमरजेंसी वाहन की मदद से सभी घायलों को बड़वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। बड़वारा स्वास्थ्य केंद्र में तैनात डॉ. नीरज विश्वकर्मा ने बताया कि हादसे में कुल चार लोग घायल हुए हैं। विजय, गोविंद और सौरभ की स्थिति स्थिर है और उनका उपचार चल रहा है। रामप्रसाद चौधरी के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल कटनी रेफर कर दिया गया है।


