अशोकनगर कलेक्टर आदित्य सिंह ने बुधवार को जिले के ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा कर स्वास्थ्य, शिक्षा और महिला-बाल विकास से जुड़ी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाढ़ौरा, बालक एवं बालिका छात्रावास, ग्राम झीला के विद्यालय, आंगनवाड़ी केंद्र और शासकीय आयुर्वेदिक औषधालय का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कलेक्टर ने सर्वप्रथम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाढ़ौरा पहुंचकर पीएनसी वार्ड, प्रसूति कक्ष, ऑपरेटिव वार्ड और पैथोलॉजी लैब का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वास्थ्य केंद्र पर आने वाले मरीजों को बेहतर उपचार एवं सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। छात्रावासों में न स्टाफ मिला, न बच्चे इसके बाद कलेक्टर शाढ़ौरा स्थित बालक एवं बालिका छात्रावास पहुंचे। निरीक्षण के दौरान दोनों ही छात्रावासों में न तो कोई स्टाफ मौजूद मिला और न ही बच्चे, जिस पर कलेक्टर ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की और संबंधित अधिकारियों से जवाब तलब करने के निर्देश दिए। विद्यालय और आंगनवाड़ी केंद्र की जांच ग्राम झीला में कलेक्टर ने माध्यमिक विद्यालय, प्राथमिक विद्यालय और आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने मध्याह्न भोजन पंजी, बच्चों की उपस्थिति, अनुपस्थित शिक्षकों की जानकारी ली।कलेक्टर ने निर्देश दिए कि मध्याह्न भोजन गैस चूल्हे पर बनाया जाए और किचन शेड की स्थिति में सुधार किया जाए। आंगनवाड़ी केंद्र में बच्चों की उपस्थिति, भोजन पंजी, कुपोषित बच्चों की जानकारी लेकर नाश्ता व भोजन व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश आंगनवाड़ी कार्यकर्ता को दिए। आयुर्वेदिक औषधालय में सुविधाओं की समीक्षा कलेक्टर ने ग्राम झीला के शासकीय आयुर्वेदिक औषधालय का भी निरीक्षण किया। उन्होंने ओपीडी में मरीजों की संख्या, एनसीडी रजिस्टर और बच्चों के टीकाकरण की जानकारी ली। कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कोई भी मरीज स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित न रहे।साथ ही, आयुर्वेदिक औषधालय के लिए विभागीय भवन निर्माण का प्रस्ताव भेजने के निर्देश संबंधित अधिकारी को दिए गए। ग्रामीणों से संवाद, योजनाओं की ली जानकारी निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने ग्राम झीला के ग्रामीणों से संवाद किया। उन्होंने खाद की उपलब्धता, पेयजल, सड़क, विद्युत, नाली निर्माण, खाद्यान्न वितरण, प्रधानमंत्री आवास योजना, किसान सम्मान निधि और फार्मर आईडी जैसी योजनाओं की स्थिति की जानकारी ली। ग्रामीणों की समस्याओं पर संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए। खेल मैदान से अतिक्रमण हटाने के निर्देश ग्रामीणों ने खेल मैदान पर अतिक्रमण होने की शिकायत की। इस पर कलेक्टर ने तहसीलदार को तत्काल खेल मैदान से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। ग्रामीणों ने पटवारी के गांव में न आने और समस्याएं न सुनने की शिकायत भी की। कलेक्टर ने इस पर गंभीरता दिखाते हुए संबंधित पटवारी के विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए।


