सतना के पीएम आवास कॉलोनी, उतैली में एक बार फिर मूलभूत सुविधाओं की बदहाली सामने आई है। कॉलोनी के ई-75 और ई-82 ब्लॉक में सीवर लाइन जाम होने से हालात गंभीर बन गए हैं। जाम सीवर से गंदा पानी और मलबा सड़कों व घरों के आसपास फैल गया है, जिससे रहवासियों की परेशानी बढ़ गई है। सबसे चिंताजनक स्थिति यह है कि इसी क्षेत्र से गुजर रही पेयजल आपूर्ति की पाइप लाइन सीवर के गंदे पानी और मलबे में डूबी हुई है। इससे पाइप लाइन में रिसाव होने और दूषित पानी पेयजल में मिलने का खतरा बढ़ गया है। रहवासियों का कहना है कि ऐसी स्थिति इंदौर में सामने आए जलजनित संक्रमण जैसे गंभीर हालात पैदा कर सकती है। दुर्गंध और बीमारी का बढ़ता खतरा स्थानीय लोगों के अनुसार, लंबे समय से सीवर लाइन की नियमित सफाई नहीं कराई जा रही है। नतीजतन सीवर ओवरफ्लो होकर सड़कों और घरों के आसपास फैल रहा है। बदबू के कारण लोगों का घरों में रहना मुश्किल हो गया है। साथ ही मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे संक्रमण और बीमारियों का खतरा बना हुआ है। बच्चों और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है। रहवासियों ने की शिकायत, जताई बड़ी अनहोनी की आशंका कॉलोनी निवासी हरिओम पांडेय और शरद गौतम ने इस गंभीर समस्या को लेकर सीएम हेल्पलाइन और जिला प्रशासन की जनसुनवाई में शिकायत दर्ज कराई है। उनका कहना है कि यदि समय रहते सीवर लाइन की सफाई और पेयजल पाइप लाइन की जांच नहीं कराई गई तो किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। प्रशासन से ये प्रमुख मांगें पार्षद बोलीं—अधिकारियों को कई बार बताया, समाधान नहीं इस मामले में क्षेत्र की पार्षद सुनीता कुशवाहा ने बताया कि पूरी पीएम आवास कॉलोनी में सीवर जाम की स्थिति बनी हुई है। उन्होंने कई बार नगर निगम के अधिकारियों को अवगत कराया है, लेकिन इंजीनियर केवल मौके पर पहुंचकर समस्या देखकर लौट जाते हैं, स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा।


