नरसिंहपुर जिले के गाडरवारा में बुधवार से अखिल भारतीय लेदर बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता की शुरुआत हुई। करीब पांच साल के लंबे अंतराल के बाद इस प्रतियोगिता के आयोजन से नगर में खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। गाडरवारा में वर्ष 1978-79 से क्रिकेट प्रतियोगिताओं की परंपरा रही है, जो यहां की खेल संस्कृति को दर्शाती है। देश के कई राज्यों की टीमें मैदान में इस अखिल भारतीय प्रतियोगिता में देश के अलग-अलग राज्यों से टीमें भाग ले रही हैं। टूर्नामेंट में रणजी स्तर के खिलाड़ी भी खेल रहे हैं, जिससे मुकाबले और भी रोमांचक हो गए हैं। उद्घाटन मैच दिल्ली और चंडीगढ़ की टीमों के बीच खेला गया। नगर के लिए गर्व का विषय नगरपालिका अध्यक्ष शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि गाडरवारा में इतने लंबे समय बाद लेदर बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन होना नगर के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन से स्थानीय खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का मौका मिलता है। मंत्री देंगे प्रथम पुरस्कार मिश्रा ने बताया कि प्रतियोगिता का प्रथम पुरस्कार मंत्री राव उदय प्रताप सिंह द्वारा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि मंत्री राव उदय प्रताप सिंह हमेशा से खेल और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते रहे हैं। यह प्रतियोगिता लायंस क्रिकेट क्लब गाडरवारा के तत्वावधान में आयोजित की जा रही है। आयोजन को सफल बनाने में मुकेश, नीरज, केडी, सूरज और निहाल शर्मा सहित कई खेल प्रेमियों और खिलाड़ियों का सहयोग मिल रहा है। चार-पांच दिन चलेगा क्रिकेट का रोमांच आयोजकों के अनुसार आगामी चार से पांच दिनों तक गाडरवारा में क्रिकेट का रोमांच देखने को मिलेगा। बड़ी टीमों की मौजूदगी से नगर का माहौल पूरी तरह खेलमय हो गया है और दर्शकों में मुकाबलों को लेकर खासा उत्साह है।


