प्रतापगढ़ में 140 यूरिया बैग जब्त:अवैध रूप से बांसवाड़ा ले जा रहे थे, धोलापानी में पकड़ा

प्रतापगढ़ जिले में यूरिया उर्वरक की कालाबाजारी और अवैध परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए कृषि विभाग लगातार निगरानी कर रहा है। इसी कड़ी में 12 जनवरी को धोलापानी ग्राम पंचायत क्षेत्र में अवैध रूप से यूरिया का परिवहन कर रहे एक वाहन को प्रशासन के सहयोग से जब्त किया गया। कालाबाजारी के लिए बांसवाड़ा जा रहा था
जब्त किए गए वाहन में 140 बैग यूरिया भरा था। ये यूरिया जलोदिया केलुखेड़ा से भरकर बांसवाड़ा जिले के डूंगरगांव की ओर अवैध रूप से ले जाया जा रहा था, जिसका उद्देश्य कालाबाजारी करना था। विभाग ने वाहन को यूरिया सहित जब्त कर धोलापानी पुलिस थाने को सौंप दिया है। जब्त किए गए यूरिया के बैग सहकारी समिति सियाखेड़ी को सुपुर्द किए गए हैं। ये कार्रवाई सहायक निदेशक कृषि (विस्तार) पर्वतदान चारण और कृषि अधिकारी (प्रशिक्षण) नंद किशोर प्रजापत द्वारा की गई। इस मामले में आगे की कार्रवाई उर्वरक नियंत्रण आदेश (FCO), 1985 के प्रावधानों के तहत जारी है। संयुक्त निदेशक कृषि बंशीधर मीणा ने बताया कि विभाग ने निर्देश जारी किए हैं कि जिले में यूरिया उर्वरक का वितरण प्रत्येक कर्मचारी, कृषि पर्यवेक्षक या सहायक कृषि अधिकारी की उपस्थिति में ही किया जाए। इसका उद्देश्य वितरण में पारदर्शिता सुनिश्चित करना है। ये पूरी कार्रवाई जिला कलेक्टर और अतिरिक्त निदेशक कृषि (विस्तार), खंड उदयपुर के दिशा-निर्देशों में की जा रही है। कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे अपनी आवश्यकतानुसार ही उर्वरक खरीदें, फर्म से अनिवार्य रूप से बिल प्राप्त करें, अनावश्यक भंडारण से बचें और मृदा स्वास्थ्य कार्ड की सिफारिशों के अनुसार ही उर्वरकों का उपयोग करें।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *