हनुमानगढ़ में सेम पीड़ित किसानों का प्रदर्शन:जीडीसी सेमनाला 149 आरडी पर साइफन निर्माण का विरोध तेज

हनुमानगढ़ में जीडीसी सेमनाला 149 आरडी पर प्रस्तावित साइफन निर्माण के विरोध में सेम पीड़ित किसानों ने जिला कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया।
पीलीबंगा और रावतसर तहसील क्षेत्र के प्रभावित गांवों के किसान इस विरोध-प्रदर्शन में शामिल हुए। किसानों ने चेतावनी दी कि वे साइफन का निर्माण किसी भी कीमत पर नहीं होने देंगे। प्रदर्शन स्थल पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए एसडीएम मांगीलाल सुथार की निगरानी में जंक्शन थाना प्रभारी रामचन्द्र कस्वां के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात रहा। किसान प्रतिनिधियों ने प्रशासन को बताया कि प्रस्तावित साइफन के निर्माण से जीडीसी 149 आरडी के पूर्वी हिस्से का सेम का पानी बड़ी मात्रा में पश्चिमी सेमनाले में चला जाएगा। उन्होंने बताया कि यह सेमनाला भैरूसरी से बड़ोपल तक फैला है, जहां पानी उठाने वाले पंप अक्सर खराब रहते हैं और पाइपलाइन में लीकेज की समस्या बनी रहती है। किसानों ने फसलें नष्ट होने का जताया डर
किसानों के अनुसार वर्तमान में भी सेमनाले से पानी का पर्याप्त उठाव नहीं हो पा रहा है। यदि साइफन का निर्माण होता है, तो सेमनाला ओवरफ्लो होने का गंभीर खतरा है। इससे भैरूसरी, बगड़ियांवाला, धोरेवाला चक, सुथारां वाला चक, जाखड़ांवाली, चक 13 एसपीडी, 15 जेडडब्ल्यूडी, 18 एसपीडी, लबाना चक, 1 एलबीएम, 19 एसपीडी, झुरियांवाला, बड़ोपल, ठाकरुवाला, मानकथेड़ी जैसे अनेक गांवों और चकों की हजारों बीघा कृषि भूमि जलमग्न हो सकती है। किसानों ने आशंका व्यक्त की कि इससे फसलें नष्ट होंगी और उनकी आजीविका प्रभावित होगी। टकराव की दी चेतावनी
किसानों ने चेतावनी दी कि यदि साइफन निर्माण को तुरंत नहीं रोका गया, तो टकराव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। इस संबंध में किसानों ने जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव को एक ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन में पृथ्वी खीचड़, संदीप मूंड, जगदीश भादू, पवन कालीरावण, ओम जाट, राकेश भादू, संजय गोदारा, शंकर धेतरवाल सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *