खरगोन में दो दिवसीय नगर गौरव दिवस महोत्सव बुधवार को शुरू हो गया। इस अवसर पर नवग्रह मंदिर से नगर गौरव यात्रा निकाली गई और किला परिसर में ध्वजारोहण किया गया। यात्रा की शुरुआत नवग्रह मंदिर में पूजन के बाद हुई, जिसमें नगर के 500 से अधिक गणमान्य नागरिक शामिल हुए। यह यात्रा शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए किला परिसर पहुंची। किला परिसर में विधायक बालकृष्ण पाटीदार, नगर पालिका अध्यक्ष छाया जोशी और उपाध्यक्ष भोलू कर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने ध्वजारोहण किया। इस दौरान राष्ट्रगान भी हुआ, जिसमें सीएमओ कमला कौल, पार्षदगण और विभिन्न संस्थाओं व सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे। कुंदा नदी के तट पर महाआरती होगी दो दिवसीय कार्यक्रम के अंतर्गत, नगर गौरव यात्रा के बाद बुधवार शाम को कुंदा नदी के तट पर गंगा की तर्ज पर महाआरती का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही आतिशबाजी और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। नगर गौरव दिवस के दूसरे दिन, 15 जनवरी को जिला परिसर में विभिन्न स्कूलों और संस्थाओं द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। इस दौरान नगर के गौरव को बढ़ाने वाले 50 से अधिक विशिष्ट व्यक्तियों को सम्मानित भी किया जाएगा।


