झाबुआ जिले के उदयपुरिया नाका क्षेत्र में बुधवार को शॉर्ट सर्किट से आग लगने से एक शख्स की झुलसने से मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। मृतक की पहचान जयप्रकाश बैरागी (50) के रूप में हुई है। शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जानकारी के अनुसार, घटना भंडारी गैरेज के पीछे स्थित एक मकान में हुई, जहां अचानक आग भड़क उठी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी, जो संभवतः मोबाइल चार्जिंग के दौरान हुआ। बताया जा रहा है कि चार्जिंग बोर्ड में फाल्ट आने से चिंगारी निकली और देखते ही देखते आग ने कमरे को अपनी चपेट में ले लिया। आग में झुलसने से शख्स की मौत आग इतनी तेजी से फैली कि जयप्रकाश को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल पाया। वह गंभीर रूप से झुलस गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने कमरे को किया सील थाना प्रभारी आरसी भास्करे ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस ने कमरे को सील कर दिया है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। इस घटना के बाद पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मोबाइल चार्जिंग के दौरान सावधानी बरतें और खराब या खुले तारों वाले चार्जिंग बोर्ड का इस्तेमाल न करें।


