हनुमानगढ़ के धोलीपाल गांव के राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक स्कूल 11 डीएलपी में कक्षा कक्ष और अन्य विकास कार्यों के लिए शिक्षा विभाग के कर्मचारियों ने 2 लाख 29 हजार 922 रुपए का आर्थिक सहयोग दिया है। यह राशि विभाग के 21 कार्मिकों द्वारा एकत्र की गई है। धोलीपाल गांव के विभिन्न स्कूलों में कार्यरत शिक्षा विभाग के कर्मचारियों ने आपसी सहयोग से यह राशि एकत्र कर स्कूल प्रबंधन को सौंपी। इस आर्थिक मदद से स्कूल में कक्षा कक्षों का निर्माण कार्य तेज होगा, जिससे छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सकेगा। ग्रामीण क्षेत्र में बालिका शिक्षा को मजबूत करने की दिशा में इस पहल को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। स्कूल के प्रिंसिपल इकबाल सिंह सिहाग ने सहयोग करने वाले सभी कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। प्रिंसिपल सिहाग ने कहा कि सरकारी विद्यालयों के विकास में समाज और विभागीय कर्मचारियों की भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्राप्त राशि का उपयोग पूरी पारदर्शिता के साथ स्कूल के विकास कार्यों में किया जाएगा, जिससे आधारभूत ढांचा मजबूत होगा और छात्राओं का मनोबल बढ़ेगा। स्कूल प्रबंधन के अनुसार, अतिरिक्त कक्षा कक्षों के निर्माण से छात्राओं की बढ़ती संख्या के अनुपात में बैठने की समस्या का समाधान होगा। इससे शैक्षणिक गतिविधियों को सुचारु रूप से संचालित करने में भी सुविधा मिलेगी। ग्रामीण अंचल में बालिका शिक्षा को प्रोत्साहन देने के लिए ऐसे प्रयास भविष्य में भी जारी रहने चाहिए।


