धौलपुर में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कौलारी थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने जुआ खेलते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से 11 हजार 600 रुपए नकद, ताश की गड्डी तथा दो बाइकें जब्त कीं। यह कार्रवाई महानिरीक्षक पुलिस रेंज भरतपुर कैलाश विश्नोई (IPS) और पुलिस अधीक्षक धौलपुर विकास सांगवान (IPS) के निर्देशन में थानाधिकारी कौलारी हरिनारायण मीणा (पुलिस निरीक्षक) के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह सफलता हासिल की। डीएसटी टीम से मिली सूचना के आधार पर उप निरीक्षक प्रहलाद सिंह मय जाब्ता ने कार्रवाई की। टीम ने सिगौरा से जागीरपुरा कला की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर दबिश दी, जहां सात व्यक्ति बिना लाइसेंस और अनुमति के संगठित होकर जुआ खेलते पाए गए। पुलिस ने मौके से कुल 11 हजार 600 रुपए नकद, 52 पत्तों की ताश की गड्डी और दो बाइकें (UP80 EQ 7036 एवं RJ11 SU 3136) जब्त कीं। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस संबंध में थाना कौलारी पर प्रकरण संख्या 09/2026, धारा 112(2) बीएनएस एवं 13 आरपीजीओ के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया गया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में प्रमोद (46), रिंकू (20), बृजकिशोर (45), बिमल (25), पदमसिंह (43), हरीसिंह (38) और महेन्द्रसिंह (40) शामिल हैं। ये सभी जागीरपुरा कला, थाना कौलारी, जिला धौलपुर के निवासी हैं। पुलिस ने बताया कि जिले में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।


