बिजली लाइन की चपेट में आने से बुजुर्ग की मौत:सतना में पेड़ की छटाई करते समय हादसा, परिजनों ने की मुआवजे की मांग

सतना जिले के उचेहरा थाना क्षेत्र के करही खुर्द गांव में बुधवार दोपहर 33 केवी लाइन की चपेट में आने से 60 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। मृतक पेड़ की छटाई कर रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। मृतक की पहचान शिवधारी कोल के रूप में हुई है। वे सीढ़ी लगाकर पेड़ की छटाई कर रहे थे, तभी बिजली के तार के संपर्क में आ गए और करंट लगने से उनकी जान चली गई। घटना की सूचना मिलते ही सब इंस्पेक्टर शारदा सिवानी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। उन्होंने तत्काल विद्युत आपूर्ति बंद करवाई और बिजली कंपनी के कर्मचारियों की मदद से शव को पेड़ से नीचे उतारा। इस दौरान मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई थी। मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि ठेकेदार द्वारा बिजली की लाइन काफी नीचे से निकाली गई है, जिसके कारण यह हादसा हुआ। ग्रामीणों ने बिजली कंपनी के ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई करने और मृतक के परिजनों को सहायता राशि दिलाने की मांग की है। इस घटना के कारण क्षेत्र की बिजली आपूर्ति लगभग 3 घंटे तक प्रभावित रही। ग्रामीणों ने बताया कि 33 केवी की लाइन कई जगहों पर काफी नीचे से गुजरती है, यहां तक कि पंचायत भवन के सामने भी तार की ऊंचाई कम है। सरपंच राजभान सिंह ने आबादी वाले क्षेत्रों में बिजली के तारों की ऊंचाई बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *