ग्वालियर में एक फोटो स्टूडियो संचालक पर सिरफिरे बदमाश ने चाकू से हमला कर दिया। हमलावर पेट में वार करने की कोशिश कर रहा था, लेकिन स्टूडियो संचालक के पीछे हटने से चाकू उसकी जांघ में लग गया। घटना बुधवार को बाला बाई का बाजार की है। घायल को परिजन तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल की शिकायत पर आरोपी को हिरासत में ले लिया। कोतवाली थाना प्रभारी मोहिनी वर्मा ने बताया कि चाकू से हमला करने वाले आरोपी को पकड़ लिया गया है। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है। अक्सर विवाद करता था आरोपी
बावन पायगा जौहरी कॉलोनी निवासी 38 वर्षीय मोहन कुशवाह की बालाबाई का बाजार में महेश किराना के सामने फोटो स्टूडियो और फोटो फ्रेम की दुकान है। स्टूडियो के सामने रहने वाला टीटू उर्फ हरीश गोदवानी अक्सर उससे विवाद करता रहता था। बुधवार को मोहन अपने साथी के साथ हिसाब-किताब पर बातचीत कर रहा था, तभी हरीश वहां पहुंचा और गालियां देने लगा। विरोध करने पर उसने मारपीट शुरू कर दी और चाकू निकालकर मोहन पर हमला कर दिया। हमले में मोहन की जांघ में चाकू लगने से वह घायल हो गया। खून निकलते ही आरोपी मौके से फरार हो गया। मोहन के भाई सोहन कुशवाह ने उसे अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने जांच के बाद आरोपी टीटू उर्फ हरीश गोदवानी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है। घायल ने कहा- जान लेने की नीयत से किया हमला
घायल मोहन कुशवाह का कहना है कि आरोपी दुकान खाली कराने का दबाव बना रहा था। उसने पेट को निशाना बनाकर हमला किया, लेकिन पीछे हटने से उसकी जान बच गई।


