अनूपपुर के इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजाति विश्वविद्यालय (आईजीएनटीयू) में एक स्नातकोत्तर छात्र के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित छात्र ने छात्रावास में घुसकर चार-पांच अज्ञात छात्रों पर उसे पीटने और गाली-गलौज करने का आरोप लगाया है। अमरकंटक थाने में पीड़ित ने की शिकायत पीड़ित छात्र ने विश्वविद्यालय प्रबंधन और अमरकंटक थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ित छात्र का नाम हीरोसज्योति दास है। वह एमए प्रथम वर्ष अर्थशास्त्र का छात्र है और असम का रहने वाला है। उसने अपनी शिकायत में बताया कि 12 जनवरी की मध्य रात्रि को वह गुरु गोविंद सिंह छात्रावास में अपने कमरे में बैठा था। तभी कुछ अज्ञात छात्र वहां आए, उससे नाम और कक्षा पूछी, फिर गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। इस मारपीट में छात्र की नाक और आंख में चोटें आई हैं। जातिगत टिप्पणी करने का भी लगाया आरोप छात्र ने अपनी शिकायत में यह भी आरोप लगाया है कि उसके साथ जातिगत टिप्पणी भी की गई। इस घटना के विरोध में बुधवार को विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने आईजीएनटीयू, अमरकंटक के प्रशासनिक भवन के पास धरना प्रदर्शन किया। उन्होंने कुलपति और कुलसचिव से इस मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग की। टीआई बोले-कमेटी जांच रिपोर्ट आने पर होगी आगे की कार्रवाई अमरकंटक थाना प्रभारी लाल बहादुर तिवारी ने बताया कि छात्र ने शिकायत दर्ज कराई है। हालांकि, विश्वविद्यालय प्रबंधन ने इस मामले की जांच के लिए एक कमेटी का गठन किया है। तिवारी ने कहा कि कमेटी की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।


