भिंड जिले में इंटरनेट मीडिया पर समुदाय विशेष के खिलाफ आपत्तिजनक और भड़काऊ सामग्री प्रसारित करने का मामला सामने आया है। फेसबुक पर वायरल एक रील को लेकर राजपूत समाज की भावनाएं आहत होने का आरोप लगाते हुए देहात थाना में शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। देहात थाना पुलिस के अनुसार, फरियादी विजय धाकरे पुत्र परमाल सिंह धाकरे निवासी राठौर गली भीमनगर ने थाने में शिकायत दी है। शिकायत में बताया गया कि बुधवार को वह कुम्हरौआ रोड की ओर जा रहा था, इसी दौरान उसने अपने फेसबुक अकाउंट पर एक रील देखी। यह रील लखनपुरा निवासी मनोज खन्ना जाटव पुत्र रमेश जाटव द्वारा अपलोड की गई बताई जा रही है। आरोप है कि उक्त रील में राजपूत समाज के खिलाफ अपमानजनक और भड़काऊ भाषा का प्रयोग किया गया है। फरियादी का कहना है कि इस तरह की सामग्री न केवल एक समाज की भावनाओं को ठेस पहुंचाती है, बल्कि विभिन्न समुदायों के बीच वैमनस्यता फैलाने का भी प्रयास करती है। इससे क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और शांति भंग होने की आशंका बनी हुई है। फरियादी ने पुलिस से मांग की है कि रील प्रसारित करने वाले तथा उसे आगे बहुप्रसारित कर सामाजिक तनाव पैदा करने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। देहात थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट व रील की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।


