पाली शहर के दुर्गा कॉलोनी में बुधवार को एक ऐसा हादसा हुआ, जिसने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। मकर संक्रांति के दिन खेलती-कूदती मासूम तमन्ना उर्फ तनु की अचानक हुई मौत ने न सिर्फ परिवार, बल्कि पड़ोसियों की आंखें भी नम कर दीं। घर से गुम हुई तमन्ना को परिजन गलियों में ढूंढते रहे। सोशल मीडिया पर मैसेज चलाया लेकिन आखिर घर के होद में मासूम मृत मिली। जिसे देख परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया। पाली के कोतवाली थाना क्षेत्र के दुर्गा कॉलोनी में बुधवार शाम करीब पांच बजे
3 साल की मासूम तमन्ना उर्फ तनु पुत्री निर्मल कुमार घर में बने पानी के होद में गिर गई। इसकी भनक घरवालों को नहीं लगी। जब काफी देर बाद भी तमन्ना नहीं दिखी तो परिजनों ने आस-पास तलाश शुरू की, रिश्तेदारों और परिचितों को फोन किए और सोशल मीडिया पर भी बच्ची के लापता होने का मैसेज वायरल किया। पूरे मोहल्ले में बच्ची को ढूंढने की बेचैनी फैल गई। इसी दौरान घर में बने पानी के होद पर नजर पड़ी, जहां तमन्ना बेसुध हालत में मिली। परिजन उसे तुरंत पाली के बांगड़ हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
यह सुनते ही मां-बाप और परिवारजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया। मासूम की मौत से पूरे मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई। हर आंख नम थी और हर दिल में एक ही सवाल था एक पल की लापरवाही ने एक घर का उजाला हमेशा के लिए बुझा दिया।


