दातंडा के ग्रामीणों ने भूमि सेटलमेंट में हुई गड़बडिय़ों को लेकर नसीराबाद विधायक रामस्वरूप लांबा और पीसांगन तहसीलदार भागीरथ चौधरी को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने भूमि के शुद्धिकरण की मांग की है। जानकारी के अनुसार राज्य सरकार के आदेशों पर भू सर्वेक्षण विभाग द्वारा करवाए गए सर्वेक्षण में ग्रामीणों की भूमि कहीं कम तो कहीं ज्यादा होने से किसानों ने आपत्ति जताई है। ग्रामीणों ने ज्ञापन में पुनः भू सर्वेक्षण करवाने की मांग की है। नसीराबाद विधायक रामस्वरूप लांबा ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि वे किसानों की आवाज राज्य सरकार तक पहुंचाएंगे और उनकी समस्या का समाधान कराएंगे। गौरतलब है कि मंगलवार को उपखंड क्षेत्र के दौलत खेड़ा गांव के किसानों ने भी तहसीलदार पीसांगन को ज्ञापन सौंपकर भू सर्वेक्षण में हुई त्रुटियों को सुधारने की मांग की थी। इस अवसर पर दातंडा सरपंच रणजीत नुवाद, पंचायत समिति सदस्य गोविंद सिंह, प्रधान पंचायत समिति पीसांगन दिनेश नायक, उप सरपंच करण सिंह और समाजसेवी किशोर सिंह दौलत खेड़ा गांव में भू सर्वेक्षण के शेष रहे पर्चों का वितरण भी किया गया। पहले आधे किसानों को भू सर्वेक्षण विभाग द्वारा पर्चे वितरित कर जानकारी दी गई थी। मंगलवार को ग्रामीणों ने शेष किसानों को भी पर्चे वितरण करने की मांग की थी, जिसके बाद बुधवार को सेटलमेंट विभाग के पटवारी घनश्याम योगी ने मौके पर पहुंचकर किसानों को पर्चे वितरित किए। इस दौरान प्रशासक रणजीत नुवाद, उपसरपंच करण सिंह सहित सभी मौजूद रहे।


