कुचेरा में इंस्टाग्राम पर दोस्ती के जाल में फंसाकर युवक को होटल में बंधक बनाकर 1.81 लाख रुपए, सोने की चेन और महंगा मोबाइल लूटने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में एक महिला सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को भी निरुद्ध किया गया है। सावर राम गुर्जर ने 1 जनवरी को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि करीब दस दिन पहले उनकी इंस्टाग्राम पर एक महिला से बातचीत शुरू हुई थी। 31 दिसंबर को वह बुटाटी मंदिर दर्शन के लिए गए, जहां मिली महिला उन्हें प्रसादी कार्यक्रम का बहाना बनाकर होटल ले गई। कमरे में पहुंचते ही दो युवक आ गए। उन्होंने पिस्टल और चाकू दिखाकर सावर राम को धमकाया और मारपीट की। आरोपियों ने उनसे 81 हजार रुपए नकद, स्कैनर के माध्यम से 1 लाख रुपए, 50 ग्राम सोने की चेन और एक सैमसंग फोल्ड मोबाइल लूट लिया। पीड़ित का आरोप है कि उसे करीब पांच घंटे तक होटल में बंधक बनाकर रखा गया। बाद में उसे उसकी ही गाड़ी में बैठाकर मेड़ता ले जाकर छोड़ दिया गया। जाते समय आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी और फरार हो गए। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और संबंधित बैंक खाते को होल्ड कराया गया। जांच के दौरान पुलिस ने महिला आरोपी मंजू पत्नी हनुमानराम निवासी जसनगर और आरोपी गोपीराम बेटा बक्साराम निवासी लिलिया थाना जसनगर को गिरफ्तार किया। उनके साथ एक विधि से संघर्षरत बालक को भी निरुद्ध किया गया। पुलिस ने महिला आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया, जबकि बालक को बाल सुधार गृह भेजा गया। मामले में आरोपी गोपीराम से पूछताछ जारी है और घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।


