बाड़मेर और बालोतरा जिलों का भूगोल बदलने के विरोध में कांग्रेस ने जन आक्रोश रैली निकाली। धोरीमन्ना में आयोजित रैली में भाग लेने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। रैली के कारण बाड़मेर-सांचौर नेशनल हाईवे पर ट्रैफिक डायवर्ट करना पड़ा। जन आक्रोश रैली के दौरान एक एम्बुलेंस भीड़ में फंस गई। इस पर वहां मौजूद लोगों ने जगह देकर एम्बुलेंस को निकाला। दोनों जिलों का भूगोल बदलने के विरोध में धोरीमन्ना में पिछले 11 दिनों से कांग्रेस के कद्दावर नेता हेमाराम चौधरी धरने पर बैठे थे। कांग्रेस नेताओं की अपील पर उन्होंने धरना स्थगित कर दिया। डोटासरा बोले- तानाशाहों के सामने झुकने की आवश्यकता नहीं
डोटासरा ने कहा- पंचायत और निकाय चुनाव आ रहे हैं, इन बहरूपियों के मोरिया बुला देना। बीजेपी का मोरिया बुलाना है। ये तानाशाह लोग हैं, परिसीमन और SIR के नाम पर दादागिरी कर रहे हैं। परसों अमित शाह आए तो भाजपा नेताओं को धमकाते रहे। डोटासरा ने कहा- इन तानाशाहों के सामने झुकने की आवश्यकता नहीं है। हमें डरना नहीं है, मन की लड़ाई लड़नी है। धरने से कुछ नहीं होगा, इनके जहां भी मौके पड़े, वहां मोरिया बुलाने की जरूरत है। ये लड़ाई गुड़ामालानी और धोरीमन्ना की नहीं, पूरे प्रदेश की लड़ाई है। जूली बोले- पर्ची के चक्कर में कुर्सी चली जाएगी
नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली बोले- इस पर्ची के चक्कर में मत रहिए। पर्ची के चक्कर में कुर्सी चली जाएगी। आने वाले समय में राजस्थान की जनता इलाज करने का काम करेगी। इन्होंने अपने उद्योगपति मित्रों को बाड़मेर और जैसलमेर में केवल जमीन देने का काम किया है। पायलट बोले- 35 महीने में कांग्रेस का राज आने वाला है
सचिन पायलट ने कहा- जब हमारी सरकार में पंचायतों का परिसीमन हो रहा था, तब हेमाराम चौधरी ने 500 आबादी का सुझाव दिया। हम लोगों को जोड़ना चाहते हैं। आज ये आपके लिए लड़ रहे हैं। पायलट ने कहा- 35 महीने में राजस्थान में कांग्रेस का राज आने वाला है। विधानसभा में भी इस मुद्दे को पूरी ताकत से उठाएंगे। देखिए जन आक्रोश रैली के PHOTOS…


