रांची मणिपुर के खुमान लम्पक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 14 से 18 जनवरी तक आयोजित 69वीं राष्ट्रीय स्कूली तीरंदाजी प्रतियोगिता (स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया- एसजीएफ आई) अंडर-19 वर्ग में झारखंड के खिलाड़ियों ने पहले ही दिन शानदार शुरुआत करते हुए दो स्वर्ण और एक रजत पदक जीतकर राज्य का मान बढ़ाया है। झारखंड की उभरती तीरंदाज प्रिया महली ने 30 मीटर और 40 मीटर इंडियन राउंड में बेहतरीन निशानेबाजी का प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण पदक अपने नाम किए। वहीं, बालक वर्ग में घनश्याम झामुड़ा ने 30 मीटर इंडियन राउंड में शानदार प्रदर्शन कर रजत पदक हासिल किया। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से पूरे राज्य में खुशी की लहर है। झारखंड की टीम स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के अंतर्गत झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के नेतृत्व में राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग ले रही है। टीम के साथ गए कोच और मैनेजर रोहित कुमार, गंगाधर, ललिता लुगुन, प्रवीण बजराई एवं एचओडी सुशील कच्छप ने खिलाड़ियों को तकनीकी मार्गदर्शन और मानसिक रूप से मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिसका असर पहले दिन के प्रदर्शन में साफ नजर आया। प्रिया महली की दोहरी स्वर्णिम सफलता पर राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि यह सफलता झारखंड की अन्य बालिका खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणा बनेगी। इस शानदार उपलब्धि पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, शिक्षा सचिव उमाशंकर सिंह, परियोजना निदेशक शशि रंजन, प्रशासकीय पदाधिकारी सच्चिदानंद द्विवेदी तिग्गा, राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग सहित राज्य खेल कोषांग के सदस्यों ने खिलाड़ियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कहा कि इससे बच्चों का सर्वांगीण विकास होगा ।


