सरकारी स्कूलों के छात्रों में आत्मविश्वास जगाने को लेकर हो रही प्री-बोर्ड परीक्षा

भास्कर न्यूज | गिड़ा ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षा के लिए आत्मविश्वास से भरने और उन्हें वास्तविक परीक्षा के माहौल से परिचित कराने की दिशा में महात्मा गांधी महाविद्यालय की पहल अब एक सशक्त परंपरा बन चुकी है। महाविद्यालय की ओर से इस वर्ष भी गिड़ा ब्लॉक के 10वीं व 12वीं कक्षा के सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों के लिए प्री-बोर्ड परीक्षा का आयोजन 12 से 17 जनवरी तक किया जा रहा है, जो लगातार पांच वर्षों से आयोजित हो रहा है। महाविद्यालय के प्रबंधक सवाईराम सऊ ने बताया कि ग्रामीण अंचल के कई प्रतिभाशाली छात्र संसाधनों व मार्गदर्शन के अभाव में बोर्ड परीक्षा के पैटर्न को ठीक से समझ नहीं पात हैे। इसी कमी को दूर करने के उद्देश्य से यह प्री-बोर्ड परीक्षा शुरू की गई थी। उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य केवल परीक्षा आयोजित करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के मन से बोर्ड परीक्षा का डर निकालना है। पिछले पांच वर्षों के सकारात्मक परिणाम इस पहल की सफलता के साक्षी हैं। इस आयोजन में गिड़ा ब्लॉक के समस्त राजकीय माध्यमिक व उच्च माध्यमिक विद्यालयों के विद्यार्थी भाग ले रहे है। प्रश्न पत्र नवीनतम बोर्ड पैटर्न पर आधारित है और उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन अनुभवी शिक्षकों की ओर से किया जाएगा। प्री बोर्ड में टॉप 10 विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया जाएगा। परीक्षा के बाद समय प्रबंधन व तनाव मुक्त परीक्षा से जुड़े नि:शुल्क परामर्श भी दिए जाएंगे। महाविद्यालय प्रशासन के अनुसार पूर्व वर्षों में इस प्री-बोर्ड से जुड़े अनेक छात्रों ने मुख्य बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर ब्लॉक का नाम रोशन किया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *