अगले पांच दिन तक मौसम में बदलाव की उम्मीद नहीं, फिर 19 व 20 को बूंदाबांदी से बदला सकता है मौसम

जिले में मौसम का दोहरा मिज़ाज लगातार बना हुआ है। रात के समय कड़ाके की ठंड से लोग ठिठुरने को मजबूर हैं, वहीं दिन निकलते ही तेज धूप सर्दी से राहत दे रही है। बुधवार को रात का न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे खेतों में खड़ी फसल पर हल्की-हल्की बर्फ जम गई। ग्रामीण इलाकों में सुबह के समय ओस और बर्फ की परत साफ दिखाई दी। दिन चढ़ने के साथ ही मौसम का असर बदला और धूप निकलते ही लोगों को कुछ राहत महसूस हुई। बुधवार को अधिकतम तापमान 23.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। पिछले कुछ दिनों से दिन के तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है, जिससे दोपहर के समय सर्दी का असर कम हो गया है। हालांकि सुबह और शाम के समय ठंडी हवाओं के कारण सर्दी का असर अभी भी बना हुआ है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आगामी 5 दिन तक मौसम में किसी खास बदलाव की संभावना नहीं है। दिन का तापमान सामान्य से थोड़ा ऊपर बना रहेगा, लेकिन सुबह-शाम ठंडी हवाओं के चलते सर्दी का असर जारी रहेगा। उसके बाद 19 व 20 जनवरी को दो दिन बरसात होने पर मौसम बदल सकता है। फसलों पर हल्का असर… कृषि विशेषज्ञों के अनुसार रात के तापमान में गिरावट से सब्जी फसलों पर हल्का असर पड़ सकता है, हालांकि दिन में धूप निकलने से नुकसान की संभावना कम रहती है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *