भास्कर न्यूज | कवर्धा कबीरधाम जिले में लगातार सड़क हादसे बढ़ रहे है। स्थिति ऐसी है कि बीते दो साल में सड़क हादसे में मौत की संख्या बढ़ी हुई है। पुलिस विभाग के यातायात शाखा से मिली जानकारी अनुसार 2024 में 152 तो वहीं, 2025 में 201 लोगों की सड़क हादसे में मौत हुई है। वर्ष 2024 की तुलना में वर्ष 2025 में मौत की संख्या में 49 अधिक लोगों की मौत हुई है। बढ़ते सड़क हादसे को देखते हुए इस साल नए ब्लैक स्पॉट की संख्या भी बढ़ा दी गई है। अब तक जिले मे चार ब्लैक स्पॉट था, जो अब 5 हो गया है। नए ब्लैक स्पॉट में चिल्फी के नेशनल हाईवे स्थित अलकघरिया मोड़ को शामिल किया गया है। ये वहीं जगह है, जहां बीते साल अक्टूबर माह में 5 लोगों की मौत हुई थी। ट्रक व बोलेरो की टक्कर से 4 महिला व ड्राइवर की मौके पर हो गई थी। एक मृतक को छोड़ बाकी पश्चिम बंगाल के रहने वाले थे। यहीं कारण है कि इसे ब्लैक स्पॉट में शामिल कर लिया गया है। इसी प्रकार पूर्व में चार ब्लैक स्पॉट में कुकदूर थाना क्षेत्र के आगरपानी घाटी मोड़ व बाहपानी घाटी मोड़, कवर्धा थाना क्षेत्र के मिनीमाता चौक से लेकर भोरमदेव तिराहा व पिपरिया थाना क्षेत्र के बालाजी पेट्रोल पंप से लेकर इंदौरी बस स्टैंड तक शामिल है। हेलमेट नहीं पहनते लोग ऐसा नहीं कि सड़क हादसे में मौत की ही संख्या बढ़ी हुई है। 2024 की तुलना में 2025 में घायलों की संख्या बढ़ी हुई है। 2024 में सड़क हादसे की कुल संख्या 322 रहीं है, जिसमें घायलों की संख्या 365 है। वहीं, 2025 में सड़क हादसे की कुल संख्या 361 रहीं है, जिसमें घायलों की संख्या 408 है। पुलिस के अनुसार ज्यादातर सड़क हादसे के शिकार व्यक्ति बाइक सवार है। इनमें अधिकांश ऐसे लोग है कि हेलमेट नहीं पहने थे। सिर पर गंभीर चोट आने के कारण उनकी मौत हो गई है। यहीं कारण है कि हेलमेट पहनने वाले लोगों का पुलिस द्वारा सम्मान किया जा रहा है।


