दंतेवाड़ा| बस्तर पंडुम की तैयारियां पूरे जोरों पर हैं। दंतेवाड़ा जिले के गौर नर्तक दल भी इस प्रतिष्ठित सांस्कृतिक आयोजन में भाग लेने के लिए जोर-शोर से अभ्यास में जुट गए हैं। नर्तक दलों को इस बार वेशभूषा, पहनावा, प्रस्तुति और ताल-लय जैसे कई मानकों पर अंक दिए जाएंगे, जिसके चलते सभी टीमें अपनी पारंपरिक सजावट और नृत्य शैली को परफेक्ट करने में लगी हुई हैं। दंतेवाड़ा जिले के श्यामगिरी, जरिपारा, गमावाड़ा, घोटपाल सहित दर्जनभर से अधिक गौर नर्तक दल प्रतियोगिता में हिस्सा लेने तैयार हैं। ग्रामीण इलाकों में दिनभर ढोल-नगाड़ों की थाप और नृत्य अभ्यास की गूंज सुनाई दे रही है। कलाकारों में खास उत्साह इसलिए भी है क्योंकि इस बार बस्तर पंडुम का मुख्य आयोजन जगदलपुर में होने जा रहा है और इसमें राष्ट्रपति के शामिल होने की तैयारी भी की जा रही है।


