कमलेश्वरपुर | मैनपाट क्षेत्र में रोगों की समय पर पहचान एवं बेहतर स्वास्थ्य के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से विकासखंड स्तरीय निःशुल्क आयुष स्वास्थ्य एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर संचालक आयुष रायपुर तथा जिला आयुष अधिकारी डॉ. शशी वाला जायसवाल के निर्देशानुसार संपन्न हुआ। शिविर में प्रभारी चिकित्सक डॉ. मयंक शर्मा सहित उपस्थित आयुष चिकित्सकों ने शासन द्वारा संचालित विभिन्न आयुष स्वास्थ्य कार्यक्रमों की जानकारी दी। साथ ही आयुर्वेद, होम्योपैथी एवं योग आधारित उपचार पद्धतियों के लाभों से लोगों को अवगत कराया गया। शिविर के दौरान वात रोग, चर्म रोग, उदर रोग, मधुमेह, उच्च रक्तचाप, स्त्री रोग सहित अन्य बीमारियों से पीड़ित कुल 462 मरीजों की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की गई।


