बैकुंठपुर| क्षेत्र की एक खदान में मजदूर डिगेश्वर सिंह की मौत के मामले में पुलिस ने जांच के बाद कार्रवाई की है। सुरक्षा मानकों की अनदेखी और लापरवाही के आरोप में पुलिस ने ओवरमैन मिथिलेश कुमार पंजियारा, माइनिंग सरदार शिव मूरत चर्मकर और सुपरवाइजर मनीष कुमार के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस और डीजीएमएस की रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि घटना के वक्त मशीन में खराबी (ब्रेकडाउन) होने के बावजूद बिना सुरक्षा इंतजामों के काम कराया जा रहा था। पीएम रिपोर्ट से पुष्टि हुई कि खदान में लगी चोटों के कारण ही 32 वर्षीय मजदूर की जान गई। पुलिस ने बताया कि मौके पर तैनात ये तीनों अधिकारी सुरक्षा सुनिश्चित करने में पूरी तरह विफल रहे। मामले की विवेचना जारी है और अन्य दोषियों पर भी कार्रवाई की जा सकती है।


